- विशेष परिस्थितियों में मिलेगी हाजिरी से छूट
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। अब ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मियों व सामुदायिक शौचालय के केयर टेकर की ऑनलाइन हाजिरी होगी। पंचायतों में सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने के लिए शासन ने इस संबंध में निर्देश जारी किया है। पंचायती राज मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक प्रमोद कुमार उपाध्याय ने प्रदेश के सभी जिलों को इस संबंध में पत्र भेजा है।
गांव में सफाई व्यवस्था के लिए प्रदेश में लगभग एक लाख आठ हजार सफाई कर्मियों की तैनाती है। वर्तमान समय में सफाई कर्मियों की उपस्थिति ग्राम प्रधान द्वारा प्रमाणित की जाती है। इसी आधार पर सफाईकर्मियों का वेतन मिलता है। अक्सर शिकायत मिलती है कि सफाईकर्मी गांव में उपस्थित नही हो रहे हैं, लेकिन अब सफाईकर्मियों की मनमानी नही चलेगी।
पंचायती राज मिशन और स्वच्छ भारत मिशन निदेशक के मुताबिक ग्राम सचिवालय में गांव में तैनात सभी सफाई कर्मियों और शौचालय के केयरटेकर की उपस्थिति अब ऑनलाइन दर्ज होगी। मोबाइल और कम्प्यूटर के माध्यम से हाजिरी प्रतिदिन दर्ज कराना अनिवार्य होगा। ऑनलाइन हाजिरी के लिए विषम परिस्थितियों में छूट दी जाएगी।
इसमें बाढ़, दैवीय आपदा, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के अलावा जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम, चुनाव के दौरान अधिकारियों की स्वीकृति पर पोर्टल पर हाजिरी दर्ज की जाएगी। इसकी समय-समय पर जांच भी की जाएगी। ग्राम सचिवालय की व्यवस्था का जिम्मा ग्राम सचिव का होगा। इसकी निगरानी संबंधित एडीओ पंचायत, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी नियमित रूप से करेंगे।
0000000000000000000000000
गांव में तैनात सफाई कर्मियों व शौचालय केयर टेकर की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज होगी। सभी सफाई कर्मियों का पोर्टल के माध्यम से डाटा ऑनलाइन फीड किया जा रहा है।
मोईनुद्दीन सिद्दीकी, एडीओ पंचायत सेमरियावां