जमीन पर दबंगों के कब्जा करने का आरोप, कार्रवाई न होने से है नाराज
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जमीन पर दबंगों के कब्जा कर लेने की शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने से खफा एसएसबी जवान ने शुक्रवार को डीएम कार्यालय के सामने खुद के ऊपर डीजल उड़ेल कर आत्मदाह करने की कोशिश की। कलेक्ट्रेट के कर्मियोंं और होमगार्ड जवान ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। बाद में प्रभारी डीएम, अपर एसडीएम, एसडीएम सदर मौके पर पहुंचे। प्रभारी डीएम के समझाने पर वह मान गया। कोतवाली पुलिस उसे साथ ले गई।
गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र के निबरहर गांव निवासी एसएसबी जवान रघुनंदन यादव शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे पांच लीटर के डिब्बे में डीजल लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। खुद के ऊपर डीजल उड़ेल कर माचिस जलाने लगे। यह देखकर कलेक्ट्रेट के कर्मी ने शोर मचाया तो डीएम कार्यालय कक्ष में बैठे अपर एसडीएम नवीन श्रीवास्तव बाहर आ गए। उन्होंने बार-बार उसे समझाने की कोशिश की।
इस बीच कुछ कर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की। देखते ही देखते कलेक्ट्रेट में भीड़ लग गई। प्रभारी डीएम अभय मिश्रा, एसडीएम सदर रमेशचंद्र भी पहुंच गए। प्रभारी डीएम के कहने के बाद एसएसबी जवान शांत हुआ। रघुनंदन ने बताया कि वह एसएसबी का जवान है। उसकी तैनाती सिद्धार्थनगर जिले के नेपाल बाॅर्डर पर है। उसने मगहर पुलिस चौकी के पास 1,200 स्क्वायर सेंटीमीटर जमीन मकान बनवाने के लिए खरीदा है। आरोप है कि कुछ दबंग लोग उसकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि दबंगों का साथ एक विधायक दे रहे हैं।
एसएसबी जवान ने बताया कि वह मगहर पुलिस चौकी, कोतवाली और एसडीएम से शिकायत कर चुका है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। प्रभारी डीएम ने फोन कर कोतवाल और कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी को बुलवाया। पुलिस समझा-बुझाकर एसएसबी जवान को अपनी गाड़ी में बैठाकर कोतवाली ले गई। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि रघुनंदन यादव एसएसबी जवान है। पूछताछ में बताया कि चार-पांच महीने से वह घर पर है। एसएसबी जवान की बात सुनी गई और मौके पर यथास्थिति कायम कराया गया।
...
कोट
एसएसबी जवान के जमीन प्रकरण में लेखपाल से जानकारी ली गई। मगहर में वह जमीन स्थित है। उसका रकबा करीब 14 बीघा है जिसमें 13-14 खातेदार हैं। जमीन का बंटवारा नहीं हुआ है। सभी लोग सड़क के किनारे जमीन चाह रहे हैं। इस प्रकरण में सभी पक्षों को अभिलेख के साथ शनिवार को थाना समाधान दिवस पर कोतवाली में बुलाया गया है।
- रमेशचंद्र , एसडीएम सदर
...
कोट
एसएसबी जवान रघुनंदन यादव को समझाया-बुझाया का पुलिस के साथ कोतवाली भेज दिया गया। उसने जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। प्रकरण की जांच एसडीएम सदर को सौंपी गई है।
- अभय मिश्रा, प्रभारी जिलाधिकारी