- प्रधान समेत नौ नामजद व 20 अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के सिसवा डेबरी गांव में जमीन के विवाद को लेकर शुक्रवार की रात गांव निवासी लोगों ने जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों के हमले में आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में प्रधान समेत नौ नामजद व 20 अज्ञात के विरुद्ध बलवा समेत मारपीट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
व्यापारी वीरेंद्र का आरोप है कि उनके घर के सामने जमीन है। जिसे उन्होंने खरीदा है। उस जमीन को अपना बता कर ग्राम प्रधान चार दिन पहले जबरन कब्जा करने लगे। कब्जा करने से रोकने के लिए चौकी इंचार्ज जगदीशपुर से बार-बार संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इस मामले को लेकर एसपी के पास पहुंचा तो एसपी के आदेश पर ग्राम प्रधान को दीवार चलाने से मना किया गया। इस मामले में पुलिस दोनों पक्षों के छह लोगों के विरुद्ध शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई थी। व्यापारी का आरोप है कि पुलिस की शिथिलता के कारण विरोधियों का हौसला बड़ा हुआ था।
व्यापारी वीरेंद्र ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब नौ बजे ग्राम प्रधान के नेतृत्व में 40 की संख्या में लोग लाठी- डंडा लेकर उसके घर चढ़ गए। उसके परिजन मीनू देवी, गायत्री देवी, वीरेंद्र की पत्नी, भतीजा गुड्डू, सिंपाल, लक्ष्मण, अरविंद को मारपीट कर घायल कर दिया। बीच बचाव करने आए गांव के कई अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं।
इतना ही नहीं मनबढों ने जान बचाकर घर में भागने वाले व्यापारी वीरेंद्र को दौड़ाकर पीटा। उसी समय घटना की सूचना किसी ने पुलिस को दी तो मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस के आने के बाद हमलावर भाग निकले। तभी से गांव में दोनों पक्ष के बीच तनाव बना हुआ है। गांववालों का कहना है कि यदि पुलिस ने निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई नहीं की तो जातीय संघर्ष से इंकार नहीं किया जा सकता है।
इस संबंध में एसओ संतोष मिश्रा ने बताया कि ग्राम प्रधान अजय कुमार, अवधेश, शंभू, अच्छेलाल, अमृतलाल, दुर्विजय, राहुल, राम अशीष, प्रद्युमन समेत 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध बलवा मारपीट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।