संतकबीरनगर। खेलो इंडिया योजना के तहत संचालित एथलेटिक्स के प्रशिक्षक नहीं होने से खिलाड़ियों के लिए समस्या उत्पन्न हो गई थी। रिक्त पद पर चयन के लिए बुधवार को कमेटी ने तीन अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। एक-दो दिन में परिणाम आए जाएगा। उसके बाद प्रशिक्षक की तैनाती हो जाने से खिलाड़ियों को सहूलियत होगी।
उपक्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि जिला खेल कार्यालय संतकबीरनगर के अंतर्गत कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलो इंडिया योजना के तहत एथलेटिक्स खेल का चयन हुआ है। पूर्व में यहां अभिषेक की तैनाती प्रशिक्षक के रूप में थी, लेकिन उनकी बरेली में अंशकालिक पद पर तैनाती हो गई, जिसकी वजह से अभिषेक ने 13 जून को त्यागपत्र दे दिया, जिससे प्रशिक्षक का पद रिक्त हो गया।
उन्होंने बताया कि रिक्त पद को भरने के लिए आवेदन मांगे गए थे। बुधवार को खेलो इंडिया एथलेटिक्स के प्रशिक्षक के लिए साक्षात्कार हुआ। चयन कमेटी में भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रतिनिधि संजीव कुमार श्रीवास्तव, अपर एसडीएम नवीन श्रीवास्तव, डीआईओएस संदीप चौधरी, क्रीडा अधिकारी बस्ती संजय शर्मा, उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ के प्रतिनिधि रमेश प्रसाद, क्रीडा अधिकारी संतकबीरनगर दिलीप कुमार शामिल रहे। अभ्यर्थी मनोज यादव, हेमलता शर्मा और दिनेश कुमार ने साक्षात्कार दिया। चयन कमेटी जैसे ही प्रशिक्षक पद पर चयन की सहमति बना लेगी, वैसे ही चयनित अभ्यर्थी के नाम की सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
यहां प्रशिक्षक मिल जाने से एथलेटिक्स के खिलाड़िको प्रशिक्षण लेने में मदद मिलेगी।