संतकबीरनगर। मेंहदावल क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय बढ़या ठाठर में तैनात सहायक अध्यापक को बीएसए ने मंगलवार की शाम निलंबित कर दिया। सहायक अध्यापक पिछले छह अप्रैल से बिना किसी सूचना के लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। यह कार्रवाई खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पर बीएसए ने की है।
बीएसए अतुल कुमार तिवारी ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी मेंहदावल ने रिपोर्ट भेजी है कि उच्च प्राथमिक विद्यालय बढ़या ठाठर में तैनात सहायक अध्यापक धनपाल कुमार बिना किसी सूचना के छह अप्रैल से लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। इस कारण विद्यालय का कार्य प्रभावित हो रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पर सहायक अध्यापक धनपाल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
उन्हें पूर्व माध्यमिक विद्यालय धूरापाली से संबंद्घ किया गया है। इसके साथ ही सहायक अध्यापक को नियमानुसार प्रत्येक माह इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा कि वह किसी अन्य सेवा व व्यवसाय में नहीं है। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जांच खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय जनार्दन यादव को सौंपी गई है। वह 15 दिन के अंदर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।