सीएचसी पर आशा संगिनियों ने किया प्रदर्शन
एएनएम पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप, ज्ञापन सौंपा
सेमरियावां(संतकबीरनगर)। दुधारा थाना क्षेत्र के अहिरौली की रहने वाली आशा संगिनी ने एएनएम पर गाली-गलौज तथा मारने-पीटने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इससे आक्रोशित आशा व आशा संगिनियों ने सीएचसी सेमरियावां पर सोमवार को प्रदर्शन किया। मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक डॉ. जावेद अख्तर को ज्ञापन सौंपा।
आशा संगिनी रामा देवी का आरोप है कि उसके कार्यक्षेत्र में तीन सेंटर छंगुरिया-बगुलिया, छपिया आनंद राय तथा दुधारा आता है। छपिया आनंद राय में वीएचएनडी सत्र चल रहा था। इसमें कार्य करने वह गई थीं। वहां पहुंचते ही एएनएम आग बबूला हो गईं। गाली-गलौज करने लगी तथा चप्पल निकालकर मारने की कोशिश की। बीच-बचाव करने गए पति के साथ भी अभद्र व्यवहार की। वीडियो भी साक्ष्य के रूप में मौजूद है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई बार एएनएम ने दुर्व्यवहार किया है। शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शन के दौरान आशा कर्मचारी यूनियन के ब्लॉक संरक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने कहा कि आशा व आशा संगिनी का उत्पीड़न यहां आम बात हो गई है। अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन लोगों ने पूरे प्रकरण की जांच कराकर एएनएम पर कार्रवाई की मांग की है। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
इस दौरान आशा संगिनी विजय लक्ष्मी, रीता कुमारी, प्रमिला भारती, सीमा चौधरी, राजिया खातून, राफिया खातून, सुधा आदि मौजूद रहीं।