संतकबीरनगर। धनघटा चौराहे पर प्राइवेट वाहनों से अवैध तरीके से स्टैंड के नाम पर वसूली करने वाले तीन लोगों पर पुलिस ने रविवार को केस दर्ज किया। पुलिस ने यह कार्रवाई एक टेंपो चालक की शिकायत पर की।
पौली निवासी इस्तखार पुत्र अख्तर अली का आरोप है कि टेंपो चलाकर परिवार का जीविकोपार्जन करते हैं। वह धनघटा चौराहे से पूरब हैंसर रोड पर टेंपो लेकर खड़ा था। आरोप है कि उसी समय धनघटा के रहने वाले धर्मू यादव, टेम्हा भिवघाट निवासी झीनक यादव और परसादपुर निवासी भक्कू यादव ने क्षति पहुंचाने का भय उत्पन्न किया। आरोप है कि यह लोग उससे और अन्य ड्राइवरों से 20-20 रुपये वसूलते हैं। अवैध ढंग से की जा रही वसूली को रोकने और उक्त लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
एसओ जयवर्धन सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी मनमाने तरीके से प्राइवेट वाहन चालकों से स्टैंड के नाम पर गलत तरीके से 20-20 रुपये की वसूली करते थे। तीनों पर रंगदारी का केस दर्ज किया गया। पूर्व में तीनों आरोपियों में शांतिभंग की आशंका में चालान हुआ था। आरोपियों की तलाश की जा रही है।