खेल में कॅरिअर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। धनघटा क्षेत्र के सिरसी गांव में पांच करोड़ की लागत से आधुनिक सुविधायुक्त स्टेडियम के निर्माण होगा। इसके लिए शासन से मंजूरी मिल चुकी है। उम्मीद है कि जल्द ही स्टेडियम का निर्माण शुरू हो जाएगा।
जिले में अभी तक खलीलाबाद में ही स्टेडियम है, लेकिन यहां भी सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं है। काफी दिनों से धनघटा क्षेत्र में स्टेडियम के निर्माण की मांग हो रही थी। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने इस पर पहल की और शासन में स्टेडियम निर्माण के लिए पत्रावली भेजी। स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के निर्माण, सिंथेटिक हॉकी फील्ड विद लाइटिंग, सिंथेटिक टर्फ फुटबाल ग्राउंड विद रनिंग ट्रैक एंड लाइटिंग, बहुद्देशीय हाल, बैडमिंटन, वॉलीबाल, जूडो, रेसलिंग, हैंडबाल, कबड्डी आदि खेलों के लिए फील्ड के साथ ही स्वीमिंग पुल का निर्माण कराया जाएगा। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि स्टेडियम के लिए मंजूरी मिल गई है। सिरसी में स्टेडियम बनाया जाना है। इसका आकलन कराया जा रहा है।
00000000000000000
संसाधनों के अभाव में दब जाती हैं युवाओं की प्रतिभाएं
विकास के क्षेत्र में यह इलाका काफी पिछड़ा है। यहां के युवाओं को खेलकूद के संसाधन नहीं मिल पाते हैं। इस वजह से युवाओं की प्रतिभा दबी रह जाती है। सिरसी में स्टेडियम बनने से इस इलाके के युवाओं को खेलकूद में सुविधा होगी।
अमर राय, धनघटा
सिरसी में स्टेडियम बनाए जाने से खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा। अति पिछड़े क्षेत्र में खेल संधाधनों के अभाव से खेल में कॅरिअर बनाने की चाह रखने वाले युवा काफी परेशान होते थे। अभी जनपद मुख्यालय पर स्टेडियम तो है, लेकिन दूर होने के कारण युवाओं को लाभ नहीं मिल पाता है।
संदीप यादव, धनघटा
सिरसी में पांच करोड़ की लागत से स्टेडियम का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है, जल्द ही स्टेडियम का निर्माण शुरू हो जाएगा।
महेंद्र सिंह तंवर, डीएम