संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने न्यायालय जेएम कोर्ट के आदेश पर दुर्घटना के मामले में प्राथमिकी दर्ज किया है। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पीड़ित श्रीराम निवासी ग्राम ददौरा थाना सिकरीगंज जिला गोरखपुर ने कोर्ट को दिए अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके लड़के लालमन के नाम से एक टैंपो है। जिसका ड्राइवर राजेश निवासी ग्राम चकमहुआ थाना महुली जनपद संतकबीरनगर है। घटना 13 नवंबर 2025 को बेटा लालमन अपने रिश्तेदार के यहां से अपने घर ददौरा वापस जा रहा था। समय करीब 2:30 बजे रात में डीघा पहुंचते ही पीछे से आ रही एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें लड़के लालमन को काफी गंभीर चोटें आईं और ड्राइवर राजेश भी घायल हो गया। पुलिस ने लड़के को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजवाया। जहां पर लालमन को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। बेटे को बेहतर ईलाज के लिए वह एक प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराए। जहां पर उसका इलाज जारी है। कोतवाल ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।