भाग रहे बाइक सवार युवक को भीड़ ने पुलिस के हवाले किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। सब्जी लेकर घर जा रही करैली निवासी एक युवती मंगलवार की शाम को एक बाइक में चपेट में आने से सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर जुटी भीड़ ने बाइक लेकर भाग रहे युवक को पुलिस को सुपुर्द किया। परिजन घायल युवती को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लेकर चले गए।
कृष्णचंद निवासी करैली ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाली युवती सोनी (19) मंगलवार की शाम को साढ़े पांच बजे सब्जी लेकर घर आ रही थी। उसी दौरान सरैनी गांव स्थित अपनी बुआ के घर से बाइक से सांथा स्थित घर जा रहे युवक की बाइक की चपेट में युवती आ गई।
घटना बकहा व करैली गांव के मध्य स्थित एक आश्रम के निकट हुई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद बाइक सवार झाड़ी में जा गिरा। युवक बाइक लेकर भाग रहा था, लेकिन भीड़ में मौजूद लोगों ने पकड़कर उसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस आरोपी युवक को साथ लेकर बखिरा थाने पर आ गई। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल युवती सोनी को प्राइवेट वाहन से जिला चिकित्सालय लेकर चले गए। वहां पर युवती का इलाज चल रहा है। लोगो ने बताया कि आरोपी युवक की नई बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र यादव ने बताया तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।