संतकबीरनगर। न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीष पॉक्सो एक्ट जैनुद्दीन अंसारी ने घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म करने के प्रयास के दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश कोतवाली पुलिस को दिया है। इसके साथ ही चार दिन के अंदर आख्या प्रस्तुत करने के लिए कहा है।
अधिवक्ता अतुल प्रताप कुशवाहा ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने कोर्ट में तहरीर दी थी। बताया था कि 19 फरवरी 2023 की शाम उसकी नाबालिग बेटी घर में अकेली थी। उसी समय गांव के दो युवक घर में घुस गए। आरोप है कि दोनों युवकों ने उसकी बेटी से अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।
बेटी के शोर पर मां को आते देख आरोपी भाग गए। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसपी को सूचना दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट ने इस मामले में दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके का आदेश दिया है।