धनघटा। क्षेत्र के छपरा मगर्वी गांव निवासी एक नेटवर्किंग कंपनी के एमडी को रविवार की शाम कुछ लोग क्षेत्र के उमरिया बाजार से उसके चार पहिया वाहन समेत साथ लेकर चले गए। एमडी की पत्नी ने एसपी को फोन करके अपहरण कर हत्या करने की आशंका जताते हुए सूचना दी। उसके बाद पुलिस हरकत में आई और प्राइवेट कंपनी के एमडी को ढूंढ निकाला। पुलिस के मुताबिक, प्राइवेट कंपनी का एमडी क्षेत्र के तमाम लोगों का लाखों रुपये का बकायेदार है। वह बाइक से खलीलाबाद पैसे का इंतजाम करने गया था और फोन करके बुलाने पर थाने आया। उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छपरा मगर्वी गांव निवासी अनिल कुमार पिछले वर्ष एक नेटवर्किंग कंपनी खोली। कंपनी का एमडी अनिल कुमार अपने सहयोगियों के साथ लोगों से संपर्क कर एक वर्ष में दोगुना से अधिक रकम देने की बात कह करके निवेश कराया। इधर, जब लोगों ने जमा रकम की मांग की तो अनिल लापता हो गया। निवेशक उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार को दोपहर करीब दो बजे वह उमरिया बाजार में दिखा तो कई लोग उसको घेर लिए। उसके बाद उसे वाहन समेत अज्ञात स्थान पर लेकर चले गए। इधर, पति का हाल जानने के बाद उसकी पत्नी ने एसपी को फोन किया कि उसके पति अनिल कुमार का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया है। एसपी के निर्देश पर धनघटा पुलिस अनिल कुमार और आरोपियों की तलाश में जुट गई। रात में करीब 10 बजे अनिल को लेकर पुलिस उसके घर पहुंची और परिजनों के हवाले कर दिया। हालांकि अनिल का चार पहिया वाहन अब भी थाने में है। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि अनिल नेटवर्किंग कंपनी में काम करता था। उसके जिम्मे तमाम लोगों के लाखों रुपये बाकी हैं। उसका अपहरण नहीं किया गया था। वह अपना चार पहिया वाहन उमरिया बाजार में खड़ा करके एक व्यक्ति से बाइक मांगकर खलीलाबाद रुपये का इंतजाम करने गया था। उसकी पत्नी ने अपहरण की झूठी सूचना दी। फिलहाल अनिल को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।