- मगहर के कबीर अकादमी में चल रहा रामोत्सव में देर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। संत कबीर की महापरिनिर्वाण स्थली कबीर चौरा धाम मगहर में स्थित संत कबीर अकादमी के प्रेक्षागृह में रामोत्सव की दूसरी शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लोक गायिका अर्पिता सिंह एंड टीम गोरखपुर ने श्रीराम के जन्म के मौके पर बधाई गीत ‘जन्मे हैं चारों भैया, अवध में बाजे बधैया...’ गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
टीम ने विवाह गीत ‘सिया जयमाला लेके आईं, गगन से फूल झरे...’ को सुनाकर मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दूसरे पड़ाव में मध्य प्रदेश के देवास से आए सूफी गायक दयाराम सारोलिया ने साथी कलाकारों जगदीश मालवीय, रणजीत मालवीय, संतोष सारोलिया, सूरज मालवीय के साथ निर्गुण के माध्यम से कबीर के राम के मर्म को बताया। ‘सकल वंश में राम बिराजे, तमुरा सुमरि ले तारो भाई...’ व ‘जरा धीरे-धीरे हाको मेरे राम गाड़ी वाले...’ और ‘शंकर तेरी जटा में बह धार गंग है, भोले तेरी जटा में जल धार गंग है’ प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में वृंदावन से आई रवि शर्मा एंड पार्टी के जगदीश बृजवासी के निर्देशन में मयूर नृत्य की शुरुआत में राधारानी की स्तुति गीत जगत महारानी प्रणाम, तेरी बाट निहारे सावरिया आजा रे आजा, ओ चित चोर कन्हाई सुनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा कृष्णा मयूर नृत्य, चरकला नृत्य, बृज की लट्ठमार होली और फूलों की होली के रंग में पूरे माहौल को रंग दिया। संचालन दूरदर्शन की उदघोषिका रीता श्रीवास्तव ने किया।
इस मौके पर एएसपी शशि शेखर सिंह, सीओ सदर बृजेश सिंह, एलआईयू निरीक्षक प्रेमपति सिंह, केशव दास, डाॅ. हरिशरण शास्त्री, ओम प्रकाश निर्भीक, रामसेवक दास, विजय तिवारी, आशुतोष द्विवेदी आदि लोग मौजूद रहे।