बनी हुई है फाल्ट की समस्या, बिजली संकट झेल रहे उपभोक्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विद्युत निगम आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए तमाम दावा कर रहा है, इसके बाद भी बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हो रहा है। आए दिन फाल्ट की समस्या बनी हुई है। इस कारण विद्युत उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब निगम कर्मी पेड़ की उन डालियों को काट रहे हैं, जो बिजली आपूर्ति के दौरान डालियों से उलझ रहे हैं, ताकि फाल्ट की समस्या उत्पन्न न हो।
जर्जर हो चुके बिजली के तारों से आए दिन फाल्ट की समस्या से उपभोक्ताओं को जूझना पड़ रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए विद्युत निगम ने औद्योगिक क्षेत्र के ओसवाल फीडर के पुराने जर्जर जंपर व तारों को बदलने का कार्य किया, इसके साथ ही लटक रहे तारों को कसने का काम भी किया है। लोड कम हो, इसके लिए सेंट थामस व बंजरिया मोहल्ले में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगवाए। इसके बावजूद भी अब तक किए गए इंतजाम फेल ही रहे है। लोकल फाल्ट की समस्या बनी हुई है।जिसके कारण उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अभी एक दिन पूर्व मगहर कताई मिल फीडर क्षेत्र में लोकल फाल्ट के चलते उपभोक्ताओं को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। इसके चलते गडसरपार, लक्ष्मीपुर निचौरा, बरईपार, धवरिया, सहसरावमाफी, केरमुआ माफी, चकदही, धरैची आदि गांवों के उपभोक्ता बिजली समस्या से परेशान रहे। अब निगम शट डाउन लेकर शहर से लेकर गांव तक तारों से सटे पेड़ों की डालियां काटने में जुटा हुआ है। इससे उपभोक्ताओं को कितना राहत मिलेगी यह समय के गर्भ में है।
इस संबंध में एक्सईएन रणधीर कुमार ने कहा कि बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए जर्जर जंपर बदलने के साथ ही अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। अब पेड़ों की डालियों को कटवाया जा रहा है, ताकि पेड़ की डालियों के कारण आपूर्ति में आ रही बाधा दूर की जा सके।