संतकबीरनगर। मेंहदावल में ग्राम न्यायालय के विरोध में शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके साथ ही प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने तथा उर्दू ट्रेसर की मांग की। अधिवक्ताओं ने न्यायालय के काम में सहयोग नहीं किया।
सिविल बार एसोसिएशन और जनपद बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। सिविल बार अध्यक्ष महीप बहादुर पाल ने कहा कि जिले में स्थित दीवानी न्यायालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। अधिवक्ता चैंबर बिल्डिंग नहीं है, बिजली नहीं है। भीषण गर्मी में पानी की समस्या है। इसके साथ ही शौचालय की समस्या, पाथवे का निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण भीषण गर्मी में चैंबर से न्यायालय जाने व आने में समस्या होती है। ऐसे में मेंहदावल में ग्रामीण न्यायालय स्थापित किया जाना अधिवक्ता, वादकारी, न्यायिक अधिकारी के हित में नहीं होगा।
जनपद बार अध्यक्ष नवनीत कुमार पांडेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम न्यायालय स्थापित किया जाना सही नहीं है। इसका विरोध जारी रहेगा। पूर्व अध्यक्ष शशि कुमार ओझा ने कहा कि ग्राम न्यायालय स्थापित किया जाना अधिवक्ता समाज के हित में नहीं है। अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। महामंत्री चतुर जी शुक्ल ने कहा कि न्यायालय में उर्दू ट्रेसर नियुक्त किया जाए।
प्रदर्शन में सुनील कुमार पांडेय, संतोष वर्मा, सुुशांत, शत्रुधन यादव, दुर्गेश नारायण मिश्र, अनिल कुमार भारती, आफाक अहमद, विश्वंभर दयाल, प्रमोद पांडेय, प्रमोद कुमार यादव, राणा रविंद्र सिंह,नरेंद्र चौधरी आदि शामिल रहे।