-अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की
-वादकारियों व अधिवक्ताओं के हित के खिलाफ बताया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मेंहदावल तहसील में प्रस्तावित ग्राम न्यायालय के विरोध में शनिवार को अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने इसे वादकारियों व अधिवक्ताओं के हित के खिलाफ बताया। साथ ही अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की।
सिविल बार के अध्यक्ष महीप बहादुर पाल ने ग्राम न्यायालय का विरोध करते हुए कहा कि उच्च न्यायालय के सेम डे के आदेश के अनुपालन में कठिनाई होगी। ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम न्यायालय का स्थापित किया जाना वादकारी और अधिवक्ता के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण न्यायालय में अधिवक्ता भवन और लाइब्रेरी की स्थापना नहीं है।
सिविल बार के महामंत्री चतुरजी शुक्ला ने कहा कि ग्रामीण न्यायालय में कैदियों के लाॅकअप की व्यवस्था नहीं है। जिले स्तर पर भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। जनपद बार महामंत्री सुनील कुमार पांडेय ने कहा कि ग्रामीण न्यायालय में न्यायिक अधिकारी अपने को असुरक्षित महसूस करेंगे। पूर्व महामंत्री दुर्गेश नारायण मिश्र ने कहा कि अधिवक्ता प्रोटेक्शन ऐक्ट लागू की जाए।
इस दौरान दिनेश चंद्र राय, देवेंद्र लाल श्रीवास्तव, राकेश मिश्र, अनिल कुमार गौतम, विशम्भर दयाल, योगेश चंद्र श्रीवास्तव आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।