डीएम ने एक सप्ताह में बिजली, पानी, रैंप की व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। जहां तहसीलवार उड़नदस्ता सक्रिय है वहीं बूथों पर बिजली, पानी, रैंप आदि की व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि एक सप्ताह के भीतर बूथों का भ्रमण कर व्यवस्था में सुधार करें।
लोकसभा चुनाव को लेकर प्रशासन जुटा गया है। संदिग्धों पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि तहसीलदारवार उड़नदस्ते का गठन किया गया है। उड़नदस्ता जिले के बॉर्डर एरिया में सक्रिय रहकर वाहनों की चेकिंग में जुटा है। इस बीच डीएम ने बैठक कर निर्देश दिए हैं कि अधिकारी बूथों का भ्रमण कर लें। जहां पर भी किसी प्रकार की खामियां हैं, उसे समय रहते दुरुस्त करा लें। खासकर बिजली, पानी और रैंप की व्यवस्था में सुधार कर लें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी दशा में न होने पाए, इसका ध्यान रखा जाए।