धनघटा। महुली क्षेत्र के अजांव गांव के तिराहे पर जलपान की दुकान पर शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। दुकान में रखा सामान जल गया। पीड़ित दुकानदार ने 16 हजार रुपये चुराकर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
महुली क्षेत्र के केवटली गांव निवासी मंगरू निषाद अजांव तिराहे पर छप्पर में पान, मिठाई व जलपान की दुकान चलाता है। शनिवार की रात करीब दस बजे वह दुकान बंद करके घर खाना खाने चला गया था। इसी दौरान दुकान और गुमटी में आग लग गई। धू-धू कर सामान जल गया। आग की लपटें देखकर लोग घरों से निकल पड़े। प्रधान सुभाष निषाद के नेतृत्व में ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। दुकानदार मंगरू का कहना था कि आग से काफी नुकसान हुआ है। काउंटर तोड़कर सोलह हजार रुपये चुराने के बाद लोगों ने दुकान को फूंक दिया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।