पीड़िता ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। लॉकडाउन के दौरान नासिक में एक युवक ने विवाहिता से रिश्ता बनाया। उसके बाद विवाहिता की आने पति से दूरी बन गई। तीन बच्चों को लेकर वह प्रेमी के साथ रहने लगी। अब प्रेमी शादी से इन्कार कर रहा है। सोमवार को कोतवाली माता-पिता के साथ पहुंची पीड़िता ने ऐसा आरोप लगाया। पीड़िता प्रेमी से शादी कराने की जिद पर अड़ी थी। ऐसा नहीं करने पर प्रेमी पर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 30 वर्षीय पीड़िता की शादी करीब 12 साल पहले दुधारा क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। पीड़िता का कहना है कि उसके पति नासिक में गैराज में काम करते थे। वह भी पति के साथ तीन बच्चों के साथ रहती थी। उसका आरोप है कि पति शराब पीने के आदी हैं। पति अपने साथ बाहरी लोगों को कमरे पर लाते थे। पति की इस हरकत से वह परेशानी रहती थी।
लॉकडाउन के दौरान उसकी बहन के गांव के रहने वाले युवक से बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं। बाद में प्रेमी युवक नासिक पहुंच गया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। उसका कहना है कि पति से उसके रिश्ते में खटास पैदा हो गई और बाद में रिश्ता टूट गया। वह तीनों बच्चों को लेकर प्रेमी के साथ रहने लगी।
आरोप है कि अब प्रेमी अपने घर वालों के बहकावे में आकर शादी करने से इन्कार कर रहा है। प्रेमी पक्ष के लोग भी कोतवाली पहुंचे थे। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि पीड़िता की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।