-न्याय के लिए एक माह से थाने का चक्कर काट रही पीड़िता और उसकी मां
संवाद न्यूज़ एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के मुंडेरा राय गांव निवासी गर्भवती को ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। बेटी का कसूर जानने के लिए जब उसकी मां मुंडेरा राय पहुंची तो उसे भी आरोपियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। न्याय के लिए मां-बेटी एक माह से थाने का चक्कर काट रही हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
नेहा पत्नी राहुल का आरोप है कि उसकी शादी हुए सात वर्ष से अधिक का समय व्यतीत हो गया। शादी के समय मां-बाप ने अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराली एक लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे हैं। इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताने पर 9 जुलाई को ससुराल के लोगों ने उन्हें मारपीट कर घर से निकाल दिया। वह रोते-बिलखते मायके पहुंची तो बेटी का कसूर जानने के लिए उसकी मां बेटी की ससुराल गई। ससुराल के लोगाें ने उसे भी मारा-पीटा। तभी से मां-बेटी थाने का चक्कर काट रही है, लेकिन पुलिस उनकी बातों को सुनने को तैयार नहीं है। पीड़िता ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई।