- शहर के औद्योगिक क्षेत्र में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में बृहस्पतिवार को जमीन के विवाद में हुई धक्का-मुक्की में पैर फैक्चर होने का आरोप बड़गो गांव निवासी व्यक्ति ने लगाया है। इस संबंध में पुलिस को शिकायत पत्र भी दिया। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
बड़गो गांव निवासी अमरेश बहादुर सिंह उर्फ कल्लू सिंह ने तहरीर में बताया कि वह और सुधीर कुमार जैन निवासी मुखलिसपुर रोड ने मिलकर गोरखपुर के एक व्यक्ति से औद्योगिक क्षेत्र में एक जमीन का 35-35 लाख रुपये में एग्रीमेंट कराए। जिसकी संपूर्ण धनराशि विपक्षी को देकर जमीन का बाउंड्रीवाल करा लिया। काफी समय बीतने के बाद भी जब जमीन का बैनामा नहीं हुआ तो विपक्षी ने दोनों लोगों को चेक दे दिया। बैंक में भुगतान के लिए चेक लगाने पर बाउंस हो गया। जिसके संबंध में न्यायालय में मुकदमा चल रहा है।
10 अप्रैल को मुकदमे में विपक्षी ने बाउंड्रीवाल न होने का बयान दिया। जिसे सिद्ध करने के लिए वह अपने दो बेटों के साथ बृहस्पतिवार को बाउंड्रीवाल तोड़ने लगे। सूचना के बाद जब वहां पहुंचे और पूछताछ की तो विपक्षी मारपीट पर आमदा हो गए और उन्हें धक्का देकर गड्ढे में गिरा दिया। इससे उनका पैर फैक्चर हो गया। साथ ही लाइसेंसी असलहे से जानमाल की धमकी दी। कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिलने पर घटना की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएगा, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।