- पीड़ित का आरोप, सीएम पोर्टल पर की गई शिकायत पर लगा दी मनगढ़ंत रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के रामपुर दक्षिणी गांव निवासी 12 वर्षीय किशोर पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की रिपोर्ट पर किशोर ने सवाल खड़ा किया है। पीड़ित का कहना है कि उन पर जानलेवा हमला किया और आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया।
धनघटा क्षेत्र के रामपुर दक्षिणी गांव निवासी रामनेवास का कहना है कि उनके 12 वर्षीय बेटे शिव शंकर पर दो सितंबर की शाम कुछ लोग रामपुर तिराहे पर पहुंचकर जानलेवा हमला किए। शिव शंकर की जान लेने की नीयत से उसके गर्दन पर हंसिए से प्रहार किए। गांव के लोग दौड़कर बीच-बचाव किए तो कुछ हमलावर भाग निकले मुख्य आरोपी समेत सात लोगों को पकड़ कर जगदीशपुर पुलिस चौकी पर सुपुर्द कर दिया गया।
शिव शंकर पर किए गए प्राण घातक हमले में कार्रवाई के लिए रामनिवास ने थाने पर तहरीर दिया। परेशान होकर रामनिवास ने मुख्यमंत्री और पुलिस अधीक्षक के पोर्टल पर प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की। रामनिवास का कहना है कि पोर्टल से प्रार्थनापत्र जब थाने पर पहुंचा तो पुलिस कार्रवाई की जगह शांतिभंग की आशंका में चालान करना लिखकर रिपोर्ट भेज दी। पुलिस के इस बचाव नीति के कारण आरोपियों का मन बढ़ा हुआ है।
बेटे शिव शंकर को मारने-पीटने की धमकी रोजाना दे रहे हैं। उनके भय से शिव शंकर स्कूल जाना बंद कर दिया है। राम नेवास ने मंगलवार को सीएम पोर्टल पर प्रार्थना पत्र भेजकर इस मामले की जांच किसी अन्य अधिकारी से कराए जाने की मांग की है। एसओ अनिल कुमार का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अगर इस पर आपत्ति है निर्देश मिलने पर फिर जांच की जाएगी।