- लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने अभिरक्षा में लेकर दी सूचना
- ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस लखनऊ से आरोपी को लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले से बने फर्जी पासपोर्ट के सहारे विदेश से वापस आ रहे एक आरोपी को पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद लखनऊ गई कोतवाली पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर कानूनी कार्रवाई पूर्ण करके जेल भिजवा दिया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान अरविंद कुमार पुत्र अजय कुमार निवासी इमिलडीहा थाना कोतवाली खलीलाबाद, द्वितीय नाम व पता गुलशन अंसारी पुत्र सदरुद्दीन अंसारी निवासी जगदौर थाना निचलौल जनपद महराजगंज के रूप में हुआ। उसका वास्तविक नाम विकास कुमार सिंह उर्फ रोशन सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी सरया खास पोस्ट सिधेगौर थाना बड़हलगंज जिला गोरखपुर है।
जिले में पिछले साल फर्जी पासपोर्ट वेरीफिकेशन का मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया था। जो आरोपी फर्जी पासपोर्ट के सहारे विदेश चले गए थे। उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था। जिसके बाद पांच अप्रैल को थाईलैंड से फ्लाइट से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने के बाद अधिकारियों ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना के बाद कोतवाली पुलिस लखनऊ के लिए तत्काल रवाना हो गई। छह अप्रैल को पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आरोपी को हिरासत में लेकर जिले में आकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। सीओ सिटी ब्रजेश सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।