बखिरा। बीस दिन पूर्व पिकअप ने क्षेत्र के कम्हरिया गांव के पास मासूम बच्ची को चपेट में ले लिया था। मौके पर पहुंचकर परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी मेंहदावल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में शनिवार को चालक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया।
कम्हरिया निसासी वारिस ने बताया कि 17 जून को सुबह आठ बजे बेटा आकिब चार वर्ष की बहन सदब के साथ गांव के बाहर सड़क की पटरी पर खड़ा होकर वाहन का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान नरायनपुर की तरफ से आ रहे पिकअप ने बेटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बेटी घायल हो गई। उसे इलाज के लिए मेंहदावल सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेटी को लखनऊ रेफर कर दिया गया। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर वह इलाज के लिए बेटी को गोपालगंज (बिहार) लेकर गए।
एसओ श्याम मोहन ने बताया कि आरोपी वाहन चालक दुधारा क्षेत्र के साफिया निवासी नुरुल होदा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-
भूमि विवाद में मारपीट चार पर केस
बखिरा। क्षेत्र के पिपरा गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों में दो जुलाई को विवाद हो गया। पुलिस ने चार प्रतिवादियों के खिलाफ कार्रवाई की है। अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि उसके चचेरे भाई सर्वेश आदि का उसके पड़ोसी माया प्रकाश पांडेय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दो जुलाई की शाम पांच बजे वह अपनी बेटियों के साथ घर में बैठे थे। इसी दौरान माया प्रकाश पांडेय अन्य लोगों के साथ उसे अपशब्द कहने लगे व जान से मारने के लिए उसकी गर्दन पकड़ ली। बचाव में आई उसकी बेटियों को भी प्रतिवादियों ने मारापीटा। ग्रामीणों के जुट जाने पर आरोपीगण चले गए।
एसओ श्याम मोहन ने बताया कि पिपरा निवासी प्रतिवादीगण माया प्रकाश पांडेय, वैभव उर्फ अंकित पांडेय, अंबुज उर्फ अतुल पांडेय व पुष्पा देवी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। संवाद