मागों को लेकर कलेक्ट्रेट के गेट पर धरना देते आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता।संवाद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस से हुई नोकझोंक
दिल्ली के डिप्टी सीएम को फर्जी तरीके से फंसाने का लगाया आरोप
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी से नाराज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट गेट पर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया पर कार्यकर्ता नहीं माने तो पुलिस कार्यकर्ताओं को जबरन गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई।
जिलाध्यक्ष रमेेश चंद यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के सामने मेंहदावल-खलीलाबाद रोड पर इकट्ठा हुए। वहां से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुुंचे। जहां पुलिस ने उन्हें कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया। जिससे नाराज कार्यकर्ता गेट पर ही धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष रमेश चंद यादव ने कहा कि दिल्ली के बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए दिन रात मेहनत करने वाले उप मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी भाजपा सरकार की तानाशाही का परिचय है। उप मुख्यमंत्री की लोकप्रियता से भाजपा सरकार डर गई है। राष्ट्रहित में जनता की सेवा करना क्या अपराध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वास्तव में भ्रष्टाचारियों को सजा देना चाहते हैं तो आज तक अपने मित्र अडानी के पर उन्होंने किसी तरह की जांच क्यों नहीं करवाई। भाजपा की तानाशाही चरम सीमा पर है। इस प्रकार का असंवैधानिक कृत्य आम आदमी पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के दबाव में जांच समितियां असंवैधानिक कृत्य में लिप्त हैं तो इनकी जांच करवाई जाए और मनीष के साथ सभी आप नेताओं को रिहाकर बेबुनियाद आरोपों से बरी किया जाए। इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन से देर शाम निजी मुचलके पर रिहा कर दिया। इस दौरान जिला महासचिव आलोक श्रीवास्तव, अमरपाल पांडेय, अंबिका राय, ब्रह्मदेव सिंह, सौत्येंद्र प्रताप श्रीवास्तव, विश्वमूर्ति त्रिपाठी, सूर्यकांत मौर्य समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि आम आदमी पार्टी के 13 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। देर शाम पुलिस लाइन से उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।