- डीएम-एसपी ने गिरधरपुर गांव का लिया जायजा, ग्रामीणों से की बातचीत
- चेतावनी बिंदु से सात सेंटीमीटर ऊपर बह रही राप्ती
- तटबंध से सटे 300 गांवों पर बाढ़ का खतरा
- सरयू नदी का जलस्तर एक मीटर नीचे पहुंचा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। राप्ती नदी शनिवार की सुबह खतरे के निशान से सात सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई। नदी के बढ़ते जलस्तर से तटबंध से सटे 300 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। दूसरी तरफ आमी नदी का पानी गिरधरपुर गांव के करीब पहुंच गया है। इससे एक हजार आबादी बाढ़ की जद में आ सकते हैं। वहीं डीएम और एसपी गिरधरपुर गांव का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत की। इसके अलावा सरयू नदी का जल स्तर एक मीटर नीचे घट गया है, जिससे लोगों को राहत मिली है।
मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार करमैनी-बेलौली तटबंध पर राप्ती के जलस्तर का दबाव पड़ना शुरू हो गया है। शनिवार को राप्ती का जलस्तर सुबह आठ बजे 79.54 मीटर मापा गया, जो लाल निशान से चार सेंटीमीटर अधिक था। दोपहर बाद जलस्तर बढ़कर सात सेंटीमीटर पार हो गया। वर्तमान में राप्ती का जलस्तर 79.57 मीटर पर पहुंच गया है। लाल निशान से राप्ती सात सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। ऐसे में कई स्थानों पर तटबंध से जलस्तर सट गया है।
लगातार जलस्तर में उछाल आने के कारण तटबंध से सटे गांव के साथ ही अगल-बगल के 300 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। ड्रेनेज खंड द्वितीय के अधिकारी तटबंध पर डेरा डाले हुए हैं। बेलौली नोगौ बिशुनपुर बांगर समेत कई स्थानों पर जलस्तर तटबंध से सटने के कारण जहां पर बैक रोलिंग हो रहा है वहां विभागीय अधिकारी राप्ती के जलस्तर को मोड़ने के लिए आवश्यक कार्य करा रहे हैं।
अवर अभियंता वीरेंद्र यादव ने बताया कि जलस्तर बनने के बाद भी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है। बाढ़ निरोधक कार्य करने के साथ तटबंध और जलस्तर की लगातार निगरानी कराई जा रही है। कोई चिंता की बात नहीं है बाढ़ बचाव के लिए आवश्यक सामग्री स्टोर किया गया है।
नाव से गिरधरपुर गांव पहुंचे डीएम-एसपी
मगहर। आमी नदी के जलस्तर में भी वृद्धि हो रही है। नदी का पानी शनिवार को गिरधरपुर गांव तक पहुंच गया है। जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी सत्यजीत गुप्त ने शनिवार को नाव से गिरधरपुर गांव में पहुंच कर ग्रामीणों से बातचीत की और व्यवस्था का जायजा लिया।
गांव के दुखहरन, रामजीत, सजीवन आदि का कहना था कि पानी तो आ गया है, अब बाहर नहीं निकल सकते हैं। डीएम ने कहा कि गिरधरपुर गांव आमी नदी से सटा हुआ है। पानी गांव के करीब पहुंच गया है। फिलहाल चिंता की बात नहीं है। ग्रामीणों की मदद की जाएगी।
24 घंटे में 100 सेंटीमीटर घटी सरयू
धनघटा। शुक्रवार की शाम चार बजे से शनिवार की शाम चार बजे तक सरयू नदी का जलस्तर 100 सेंटीमीटर से घटकर 78.00 मीटर पर आ गया। नदी के घटते जलस्तर से समीपवर्ती गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं जिला प्रशासन संभावित बाढ़ के मद्देनजर एमबीडी बांध की सुरक्षा को लेकर सतर्क है। एडीएम और एसडीएम शनिवार को बांध का निरीक्षण करके सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
नदी का पानी कम होने के बाद दियारा क्षेत्र में जो फसल जलमग्न थी, वह दिखाई देने लगी। कई गांव के किनारे बाढ़ का पानी पहुंच चुका था वहां से भी पानी कम हो गया। तुर्कवलिया नायक में बांध के निरीक्षण के दौरान एडीएम जय प्रकाश ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बांध पर कहीं भी रेनकट और होल न रहने पाए। बंधे पर स्थापित की गई बाढ़ चौकियों का भी हाल जाना। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सतीश चंद्र ने कहा कि नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट जारी है। इस दौरान एसडीएम रमेश चंद्र, सिंचाई विभाग की अवर अभियंता अर्चना गुप्ता आदि मौजूद रहीं।