पति के साथ टहलने निकली महिला की सड़क हादसे में मौत
पत्नी की मौत से पति बेसुध, बाइक सवार पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर सियरा सांथा जूनियर हाईस्कूल के पास बुधवार को बाइक की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई।
सियरा सांथा गांव निवासी इंदल प्रसाद 22 वर्षीय पत्नी कंचन के साथ सुबह गांव के पास धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर टहलने निकले थे। दंपती जूनियर हाईस्कूल के पास पहुंचे थे। उसी दौरान घनघटा की तरफ से तेज गति से गुजरे बाइक सवार ने कंचन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पत्नी घायल हो गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। घायल को लोग जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने कंचन को मृत घोषित कर दिया।
पीड़ित पति का आरोप है कि बाइक चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पत्नी को टक्कर मार दिया। पत्नी की मौत से पति बेसुध थे। पीड़ित परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल था। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि पीड़ित पति की तहरीर पर बाइक चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।