ठंड में पशुओं के लिए अलाव की हुई व्यवस्था-संवाद
महुली। इस समय ठंड में मानव और जानवर सभी को भयंकर ठंड का सामना करना पड़ रहा है। इसको देखते हुए बीडीओ नाथनगर कुलदीप कुमार ने सोमवार को गौ आश्रम केंद्र कठैचा का निरीक्षण किया। इस दौरान पशुओं को ठंडक से बचाने के लिए दो स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कराई। पशुओं के चारे और उनको रात में ढकने के लिए तिरपाल भूसा की व्यवस्था कराई। उन्होंने गौशाला में बीमार पशुओं के इलाज की प्रतिदिन व्यवस्था कराने का भी निर्देश दिया। प्रधान राजकुमार ने बताया गौशाला में कुल 51 पशु मौजूद हैं। जिन्हें खाने पीने की व ठंडक से बचने के पूरे उपाय कर दिए गए हैं। पशुओं की सेवा के लिए केयरटेकर की संख्या बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि पशुओं को चारे और अलाव की व्यवस्था पिछले कई दिनों से कराई जा रही है।