हैंसर। मानसून के आने और बरसात होने की आशंका से प्रशासन को एमबीडी बांध का कार्य पूर्ण कराने की जल्दी होने लगी है। गुरुवार को एसडीएम ने बांध पर पहुंचकर कराए जा रहे कार्यो का निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाए जाने का सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया। एसडीएम डॉ. आर डी पांडेय ने बांध पर पहुंच कर बांध का निर्माण कार्य देखा। बांध पर मिट्टी और पीचिंग कार्य अधूरा रहने पर उन्होंने कहा कि बरसात कब होगी और नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हो जाएगा । इसका कोई भरोसा नही है। ऐसे में मिट्टी कार्य तो ज्यादे से ज्यादे चार दिनाें के भीतर पूर्ण करा ही दिया जाय। एसडीएम ने कहा कि बांध के किनारे पीचिंग कार्य अब भी बाकी पड़ा हुआ है नदी का जलस्तर बढ़ने पर इस कार्य को कराने में कठिनाई होगी। ऐसे में पीचिंग कार्य भी जल्द कराया जाना जरूरी है। मौके पर मौजूद सिंचाई विभाग के अवर अभियंता आर डी यादव और एस एन मिश्रा ने बताया कि मिट्टी का कार्य करीब पूरा हो चुका है। बांध की चौड़ाई साढ़े पांच मीटर करना है उसी कार्य को किया जा रहा है जो दो दिनों के भीतर पूर्ण हो जाएगा। बांध के पिचिंग का कार्य भी शुरू करा दिया गया है। इस मौके पर मौजूद जगदीशपुर के प्रधान राम परताप यादव ने कहा कि बांध निर्माण का कार्य बहुत ही धीमी गति से किया जा रहा है। यही हाल रहा तो बांध अधूरा रह जाएगा और नदी इस साल भी यहां कहर बरपा देगी।