संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की बैठक जिलाध्यक्ष समय देव पांडेय की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय के कैंप कार्यालय पर हुई। बैठक में शिक्षकों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष समय देव पांडेय ने कहा कि प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा उत्तर प्रदेश ने प्रदेश के समस्त शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों की सूचना वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया है। जिसे शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हित में विद्यालय प्रबंधन द्वारा 15 जून तक अपलोड कर देना चाहिए। इस प्रक्रिया में शिक्षकाें का फोटो युक्त बायोडाटा लोड किया जाना है। इस लिए इस कार्य में बिना किसी प्रकार की शिथिलता करते यह कार्य पूर्ण करना चाहिए। इस प्रक्रिया में आवश्यकतानुसार जानकारी डीआईओएस कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा वित्त विहीन शिक्षकों एवं कर्मचारियों को मानदेय की प्रक्रिया एवं उनके हक एवं हित में नीति निर्धारण करने के लिए 16 जून को लखनऊ में बैठक बुलाई गई है। बैठक में अनिल सिंह, गोपाल यादव, मलय कुमार, ओम प्रकाश मिश्र, गंगा प्रसाद दुबे, प्रमोद कुमार राय, गणेश प्रसाद चौरसिया सहित अन्य मौजूद थे।