सेमरियावां। सेमरियवां ब्लॉक सभागार में रविवार को सड़क निर्माण संघर्ष समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान बस्ती-मेंहदावल करमैनी मार्ग का निर्माण शुरू होने पर लोगों ने खुशी जाहिर की। समिति के लोगों ने आंदोलन की सफलता पर एक दूसरे को मिठाइयां खिलाई। बैठक में लोगों ने सरकार को भी सड़क का निर्माण कराने के लिए धन्यवाद दिया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद अहमद ने कहा कि पिछले काफी दिनों से बस्ती-मेंहदवल मार्ग, सेमरियावां-टेमा मार्ग व अन्य प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए आंदोलन किया जा रहा था। शासन ने सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। अब इस सड़क के लिए आंदोलन स्थगित किया जा रहा है। अन्य सड़कों के लिए निर्माण आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण मानक के अनुसार हो संघर्ष समिति इस पर भी निगाह रखेगी। यह भी फैसला लिया गया कि विजय सभा का अयोजन होगा। इसके लिए एक और मीटिंग करके निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान मोहम्मद हारुन साहिल, मास्टर अब्दुल हफीज, अतीकुर्रहमान, राम जनक, खालिद कमाल, तुफैल अहमद, मुकेश श्रीवास्तव आदि लोग उपस्थित थे।