धनघटा। महुली थानाक्षेत्र में स्थित कुछ ईंट भट्ठों पर शनिवार को जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक (क्षेत्र प्रथम) ने छापामारी की। छापामारी में पांच कुंतल लहन, 40 लीटर कच्ची दारू व उपकरण बरामद हुए। इस मामले में तीन लोगों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। जिला आबकारी अधिकारी लालमन प्रसाद के निर्देश पर शनिवार को आबकारी निरीक्षक (क्षेत्र प्रथम) रविशंकर ने महुली थानाक्षेत्र के हरिहरपुर, नटवा, काली जगदीशपुर, रेवटा और महुली स्थित ईंट भट्ठों पर छापामारी कर पांच कुंतल लहन, 40 लीटर कच्ची दारू व उपकरण बरामद किया। लहन को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। वहीं इस कार्य में लिप्त संतोष पुत्र निरहू, विमला पत्नी महेंद्र व रामबख्श पुत्र रामप्यारे के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।