धनघटा। विकास खंड हैंसर बाजार और पौली की 92 ग्राम पंचायतें अब मॉडल बनेंगी। ओडीएफ प्लस के प्रथम चरण में इन ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इनमें ठोस और तरल कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण होगा। इतना ही नहीं, गांव में घर-घर कूड़ेदान वितरित किए जाएंगे, जिससे लोग अपने घरों से निकलने वाले कूड़े को कूड़ेदान में रखें। उसे सफाई कर्मी ले जाकर कूड़ा निस्तारण केंद्र पर रख देंगे।
पिछले वर्ष विकास खंड हैंसर बाजार के ग्राम पंचायत चपरा पूर्वी और घोरांग को ओडीएफ प्लस गांव के रूप में चयनित करके कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण कराया गया है। अब हैंसर बाजार के ग्राम पंचायत बराव, औराडाड, रामपुर मध्य, बसवारी गांव, भरवल पर्वता, जिगिना, लहुरेगाव, डेबरी, सिरसी, वरपरवा, सुरैना, रजनौली, फूलूई समेत 55 गांव और पौली ब्लाॅक के कोहलवा, पड़रिया, रोसया बाजार, डिहवा, रानीपुर, खेवसिया, नारायनपुर समेत 37 ग्राम पंचायतों को ओडीएफ प्लस के रूप में चयनित करके मॉडल गांव के रूप में विकसित किए जाने का योजना है। इन ग्राम पंचायतों को बिल्कुल साफ सुथरा रखने के कई तरह के प्रबंध किए जाने हैं। गांव में जिन लोगों के घरों का शौचालय क्षतिग्रस्त हो गया है। या किसी कारणवश शौचालय का निर्माण नहीं हो सका है। उनके घरों पर शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। किसी के घर का निकलने वाला पानी रास्ते पर न बहने पाए इसके लिए नाली का निर्माण और मरम्मत कराया जाएगा। यह अलग बात है कि 15 ग्राम पंचायतों में कचरा निवारण केंद्र के निर्माण में जमीन बाधा बनी हुई है। कई ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक भूमि न मिलने की वजह से पंचायत विभाग जमीन के लिए राजस्व विभाग को पत्राचार कर रहा है। आबादी के अनुपात से इन ग्राम पंचायतों में कार्य कराने के लिए धन और अवमुक्त कर दिया गया है। एडीओ पंचायत गजानन पाल और दल सिंगार यादव ने बताया कि ओडीएफ प्लस के रूप में चयनित ग्राम पंचायतों में विकास कार्य शुरू कर दिए गए हैं।