बेलहर (संतकबीरनगर)। विकास खंड बेलहर कला के प्राथमिक विद्यालय लोहरौली शुक्ल में लगा इंडिया मार्का हैंड पंप खराब है। बच्चे आठ महीने से दूषित जल पी रहे है। गांव में लगे चौपाल में पहुंचे मेहदावल विधायक से भी ग्रामीणों ने हैंडपंप से दूषित जल की शिकायत की थी। विधायक के निर्देश के बाद भी जिम्मेदार लापरवाह है। प्रधानाध्यापक पवन कुमार राय ने बताया कि विद्यालय में लगा हुआ इंडिया मार्का हैंडपंप का पानी दूषित है। इसकी शिकायत ग्राम प्रधान से किया गया, मगर नल ठीक नहीं कराया गया। मजबूरन बच्चे दूषित जल पीने को मजबूर है। इसी बीच बीते 15 सितंबर को गांव में लगे चौपाल में शामिल हुए विधायक राकेश सिंह बघेल से भी अभिभावकों ने शिकायत किया। तत्काल ही विधायक ने पानी मंगाकर पीने के बाद जल प्रदूषित होने की बात बताई। राकेश सिंह बघेल ने नल को रिबोर कराने के लिए तत्काल संबंधित को निर्देश भी दिया, मगर एक माह बाद भी अभी तक नल को ठीक नहीं किया जा सका है। एडीओ पंचायत रवींद्र सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी को मामले से अवगत कराया गया था। इसके बाद भी रिबोर नही कराया जा सका है। संबंधित से जवाब मांगा जाएगा।