जूनियर हाई स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगों को उपकरण वितरण किया गया।
- फोटो : amarujala
संतकबीरनगर। मगहर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को दिव्यांग बच्चों के एक्सीलरेटेड कैंप का शुभारंभ हुआ। कैंप का शुभारंभ प्रभारी बीएसए डॉक्टर नरेंद्र सिंह ने किया। कैंप में 24 दृष्टि और 36 श्रवण बाधित बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रभारी बीएसए डॉक्टर नरेंद्र सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चों का यह कैंप शासन की मंशा के अनुरूप एक महत्वाकांक्षी योजना है। पूर्व में संचालित कैंपों से बच्चे निकलकर आज अपनी पढ़ाई का कार्य राजकीय दृष्टि बाधित इंटर कॉलेज गोरखपुर से पूरी कर रहे हैं। जैसा की इस कैंप के नाम से ही विदित है। यह कैंप बच्चों को एक्सीलरेटेड कर आगे के अध्ययन कार्य के लिए सेतु का कार्य करता है। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से अपील किया कि कैंप में दिव्यांग बच्चों को भेजकर शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने में सहयोग करें, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा रजनीश वैद्यनाथ ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में बच्चों के देखभाल के लिए केयर टेकर को रखा गया है। विशेष तौर पर बालिकाओं के लिए महिला केयर टेकर है, जो प्रत्येक स्तर पर सहयोग करेंगी। कहा कि कैंप में पूर्णत: आवासीय व्यवस्था है। भोजन, ड्रेस, बैंग, किताब आदि सब कुछ कैंप में उपलब्ध कराया जाएगा। दिव्यांग बच्चों का प्रत्येक माह शैक्षिक योग्यता का मूल्याकंन होगा। इसके साथ ही माह में एक दिन सामान्य विद्यालयों का भ्रमण कराया जाएगा। कहा कि दृष्टि बाधित श्रवण बाधित छह से 14 वर्ष तक का कोई भी बच्चा प्रशिक्षण ले सकता है। इस दौरान प्रेमशंकर चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, विश्वनाथ प्रसाद विश्वकर्मा, दुर्गेश पाल, शिवशरण शुक्ल, तसलीन अंसारी, देवेश शुक्ल, शिवसेन गुप्त समेत अन्य मौजूद रहे।