- आचार संहिता लगने के बाद से माहौल खराब करनेवालों को चिह्नित कर पुलिस ने की कार्रवाई
- गुंडा एक्ट के तहत 20 लोगों को किया गया जिला बदर
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में शांतिपूर्ण तरीके से लोकसभा चुनाव को संपन्न कराने के लिए पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसने का काम किया है। आचार संहिता लगने के बाद से अभी तक पुलिस विभिन्न मामले में 801 आरोपी को जेल भेजा है। जबकि 31 हजार 685 लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की है। साथ ही साथ चुनाव के दौरान किसी भी तरह का माहौल खराब करने वालों पर कार्रवाई करते हुए 20 आरोपी को 59 गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर किया है।
लोकसभा चुनाव के लिए 16 मार्च को आचार संहिता लगी थी। इसके बाद से ही पुलिस टीम जनपद में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए कमर कसकर तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक चुनाव की घोषणा के बाद से ही पुलिस ने अभी तक 28 लोगों के पास से अवैध शस्त्र बरामद कर जेल भेज दिया है। साथ ही गैंगस्टर का सात मुकदमा पंजीकृत करके 28 आरोपियों को जेल भेजा। 59 गुंडा एक्ट में 20 आरोपी के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा 419 लोगों के खिलाफ मिनी गुंडा एक्ट की कार्रवाई करते हुए 958 आरोपी के खिलाफ न्यायालय से एनबीडब्लू जारी होने पर कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने 2253 मामले में 31685 लोगों को शांतिभंग की आशंका में चालान किया। साथ ही 151 सीआरपीसी के तहत 541 लोगों को संबंधित न्यायालय में पेश करके जेल भेजा गया।
वहीं मादक पदार्थ अधिनियम के तहत पुलिस ने 28 किलोग्राम नशे की सामग्री बरामद कर 16 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करके जेल भेजा। साथ ही अवैध शराब की 35 भट्ठियों को नष्ट करके 10 हजार लीटर शराब बरामद करके 188 लोगों को गिरफ्तार किया।
शांतिपूर्ण लोकसभा चुनाव के लिए अपराधियों पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे मतदान के समय किसी भी तरह के अराजकता की स्थिति न बनने पाए। चुनाव के दौरान जो भी माहौल खराब करने का काम करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- शशि शेखर सिंह, एएसपी