संतकबीरनगर। शहर के समय माता मंदिर पर दर्शन करने पहुंची एक महिला के गले से उचक्के सोने की चेन उड़ा दिए। घटना की सूचना किसी ने एसपी को दी तो उन्होंने स्वाट टीम को जांच के लिए लगाया। सोमवार को पूरे दिन स्वाट टीम प्रभारी शहर के विभिन्न जगहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे को खंगाले और उसके सही होने की जांच पड़ताल भी की। जिसमें कई जगह सीसीटीवी कैमरे की स्थिति अच्छी नहीं मिली। पुलिस कर्मियों ने बताया कि विद्यानगर मोहल्ले की रहने वाली सावित्री देवी रविवार को समय माता मंदिर में दर्शन करने आई थी। जहां एक उचक्के ने चेन में लॉकेट लगाने का झांसा दिया और चेन लेकर भाग निकला। उचक्के ने महिला को झांसा दिया कि उनके बेटे ने चेने में लॉकेट लगाने के लिए कहा है और फोन पर बातचीत करते हुए टप्पेबाजी करके चेन हासिल कर लिया और फिर लेकर भाग निकला। कोतवाल ने बताया कि इस संबंध में कोई तहरीर अभी नहीं मिली है। जैसे ही तहरीर मिलेगी,कार्रवाई की जाएगी।