संतकबीरनगर। निकाय चुनाव में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का घेरा बनाया है। शनिवार को एअचारपीजी कॉलेज के प्रांगण में कार्मिकों की जुटी भीड़ से मेले जैसा दृश्य दिखा। मतदान केंद्रों के लिए पार्टियों को रवाना किए जाने के लिए अधिकारी शाम तक जूझते रहे। वहीं कार्मिकों के लिए वाहनों की व्यवस्था एआरटीओ एवं डीएसओ अपने सहयोगियों के साथ जूझते नजर आए। सुगर मिल के कैंपस में वाहनों को खड़ा कराए जाने की व्यवस्था की गई थी। मतदान ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों को डॅयूटी कार्ड और अन्य सामग्री उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था एचआरपीजी कॉलेज में की गई थी। एडीएम एसएन शुक्ल और सीडीओ हाकिम सिंह ने मौके पर पहुंच कर पार्टियों के रवाना होने की जानकारी हासिल की। सीडीओ हाकिम ने बताया कि जिले में मतदान के लिए 96 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। जबकि 11 पार्टियंा रिजर्व में रखी गई हैं। जरुरत पड़ने पर उनकी ड्यूटी लगाई जाएगी। पार्टियों को बूथों तक पहुंचाने के लिए 25 वाहनों का इंतजाम हुआ था। जोनल, सेक्टर के अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए गए है। एएसपी असित श्रीवास्तव ने बताया कि पांच जोनल मजिस्ट्रेट, 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगी है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यदि मतदान में कहीं किसी तरह की कोई गड़बडी करने की कोई कोशिश करेगा तो पांच मिनट के अंदर वहां भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच जाएगी। इसके लिए संचार की भी समुचित व्यवस्था की गई है। डीएम मार्कण्डेय शाही ने बताया कि मतदाता भयमुक्त एवं निष्पक्ष होकर अधिक से अधिक संख्या में मताधिकार का प्रयोग करें। कोई भी वोटर मतदान करने से वंचित न रहे, इसके लिए वोटरों से अपील किया है कि वे बूथों पर जाए और पहले मतदान करें ,उसके बाद कोई दूसरा काम करें।