हैंसर (संतकबीरनगर)।
सीएमओ डॉक्टर अभयचंद श्रीवास्तव ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र औराडाड़ व सीएचसी मलौली का औचक निरीक्षण किया। साथ ही मनिकापार व औराडाड़ में टीकाकरण स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। सीएचसी मलौली पर आरबीएसके के दो चिकित्सक व दो कर्मी अनुपस्थित पाए गए। साफ-सफाई भी ठीक नहीं मिली। दोपहर करीब 12 बजे सीएमओ मलौली अस्पताल में पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने उपस्थिति पंजिका देखा, जिसमें बीपीएम अशोक कुमार अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने उनके खिलाफ कार्यवाही की बात कही। बाद में बताया कि वह चिकित्सक के पास गए थे। लैब में मौजूद मरीजों ने एलटी को शिकायत की। इस पर सीएमओ बिफर पड़े और एलटी जय प्रकाश को कड़ी फटकार लगाते हुए आदत में सुधार लाने की चेतावनी दी। इसके बाद अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। वहा गंदगी का अंबार देख सीएमओ ने अधीक्षक को सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। सीएमओ ने बताया कि आरबीएसके टीम के चिकित्सक अरविंद कुमार, विंद सागर, दो कर्मी गुड्डी व फकरूद्दीन अनुपस्थित थे। टीकाकरण स्थल पर एएनएम टीकाकरण करते हुए मिली। सीएमओ ने कहा कि चिकित्सक व कर्मी अपने कार्य व्यवहार में सुधार करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डॉक्टर आलोक सिन्हा, राजकुमार यादव आदि उपस्थित रहे।