4801 अभ्यर्थियों ने छोड़ी पेट
संतकबीरनगर। जिले के 15 केंद्रों पर शनिवार को पेट (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) आयोजित हुई। दो पालियों में आयोजित परीक्षा में नामांकित 16,464 अभ्यर्थियों में 11,664 शामिल हुए। जबकि 4801 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
पेट (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) जिले में रविवार को भी होनी है। शनिवार को 15 केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे और द्वितीय पाली की परीक्षा तीन से पांच बजे तक हुई। पहली पाली की परीक्षा में 8232 अभ्यर्थी नामांकित थे। 5709 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 2523 ने अनुपस्थित रहे। 0द्वितीय पाली में 8232 अभ्यर्थी नामांकित थे। इनमें 5954 ने परीक्षा दी। जबकि 2278 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
परीक्षा केंद्र एचआर पीजी कॉलेज, जीजीआईसी, एचआर इंटर कॉलेज, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज, रेखा प्रसाद संकटा पाठक इंटर कॉलेज, सेंट थामस इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, ब्लूमिंग बड्स औद्योगिक क्षेत्र, संत कबीर आचार्य रामबिलास इंटर कॉलेज मगहर, ब्लूमिंग बड्स हायर सेकेंड्री स्कूल, प्रभा देवी पीजी कॉलेज, कूड़ीलाल रूंगटा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गन्ना विकास इंटर कॉलेज, जीपीएस पीजी कॉलेज, सूर्या इंटरनेशनल एकेडमी में परीक्षा शांति पूर्वक तरीके से संपन्न हो गई।
डीएम प्रेमरंजन सिंह, एसपी सोनम कुमार ने परीक्षा केंद्र एचआर इंटर कॉलेज खलीलाबाद और मौलाना आजाद इंटर कॉलेज खलीलाबाद का निरीक्षण किया और व्यवस्था देखी। डीएम प्रेमरंजन सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। एडीएम मनोज कुमार सिंह और एएसपी संतोष सिंह ने परीक्षा केंद्र संत कबीर आचार्य रामबिलास इंटर कॉलेज मगहर का निरीक्षण किया।
...
परीक्षा के लिए शहर में लगी रही भीड़
संतकबीरनगर। परीक्षा के दौरान शहर में काफी भीड़ भाड़ रही। शहर के गोला बाजार, मुखलिसपुर तिराहा, मेंहदावल बाईपास के पास अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही। बाईपास के पास कुछ देर तक जाम की स्थिति आई, पर यातायात पुलिस ने तत्काल जाम को समाप्त करा दिया।
...
वाहन के लिए परेशान रहे अभ्यर्थी
संतकबीरनगर। पेट देने आए गोंडा निवासी सूरज कुमार, विजय नाथ, संगीता ने बताया कि वह लोग सुबह किसी तरह से रोडवेज बस से परीक्षा देने आ गए थे। द्वितीय पाली में परीक्षा थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद सवारी नहीं मिल रही है। अब ट्रेन का पता करेंगे और गोंडा जाएंगे। मौलाना आजाद इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले रामहित यादव, संजय ने बताया कि वह लोग बलरामपुर के रहने वाले है, उनकी परीक्षा प्रथम पाली में थी। शुक्रवार को ही वह यहां पर आ गए और होटल में ठहरे रहे। आज परीक्षा दी है और अब सवारी का इंतजार कर रहे हैं। सवारी मिलेगी तो घर लौटेंगे।