39 उद्यमियों ने 501 करोड़ रुपये के निवेश पर जताई सहमति
23 जनवरी को औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में होगा मिनी लघु निवेशक शिखर सम्मेलन
1000 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश का है लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 23 जनवरी को औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में होगी। इसमें 1000 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य प्रस्तावित किया गया है। अब तक 39 उद्यमियों ने 501 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश पर सहमति जताई है। जिले में उद्योगों को स्थापना से रोजगार के अवसर बढे़ंगे।
प्रदेश स्तर पर ग्लोबल निवेशक शिखर सम्मेलन 12 से 14 फरवरी तक होना प्रस्तावित है। उसी क्रम में जनपद स्तर पर मिनी लघु निवेशक शिखर सम्मेलन 23 जनवरी को औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में होगा।
जिला उद्योग एवं उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त उद्योग राज कुमार शर्मा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में 120 से अधिक छोटी-बड़ी कंपनिया बंद होती चली गईं। यहां उद्योगों को स्थापित करने की संभावना है। नोएडा, गोरखपुर के गीड़ा की तर्ज पर जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने के प्रति जिला प्रशासन गंभीर है।
वर्तमान उद्यमी जो अपनी इकाई का विस्तार करना चाहते हैं, अथवा नई लगाना चाहते है, उनके लिए स्वर्णिम अवसर है। जनपद में लघु सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम विभाग को 300 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष 31 निवेशकों से 370 करोड़ रुपये का आशय भरवाया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण के जरिए आठ निवेशकों से 131.50 करोड़ का पूंजी निवेश का आशय भरवा लिया गया है। इस प्रकार जनपद में कुल 39 निवेशकों से 501. 50 करोड़ का आशय भरवाया जा चुका है। पर्यटन के क्षेत्र में गोरखपुर के एक उद्यमी से वार्ता हुई है।
...
औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया
उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद के विकास के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। इसमें सड़कों का उच्चीकरण, पार्क का सुंदरीकरण, बिजली, पानी, जलनिकासी आदि की व्यवस्था की जाएगी। इससे जनपद के उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में सहूलियत होगी। उम्मीद है कि शासन से बजट स्वीकृत हो जाएगा।
...
कोट
मिनी लघु निवेशक शिखर सम्मेलन 23 जनवरी को औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में होना प्रस्तावित है। इसमें दिल्ली, नोएडा, लखनऊ, हरियाणा, गोरखपुर आदि जगहों से उद्यमियों को आमंत्रित किया गया है। पूरी कोशिश है कि यहां करीब 500 उद्योग स्थापित हों, ताकि15 हजार से अधिक लोगों को रोजगार का अवसर उपलब्ध हो सके।
-प्रेम रंजन सिंह, डीएम