संतकबीरनगर। केवाईसी न होने के कारण पीएम किसान सम्मान निधि की 17वीं किश्त से 33,697 किसान वंचित रह जाएंगे। जबकि एक लाख 90 हजार लाभार्थी किसानों के खाते में 38 करोड़ रुपया भेजा जाएगा। उप निदेशक कृषि कार्यालय के मुताबिक अभी लाभार्थी किसानों की संख्या बढ़ भी सकती है। जनपद में कुल दो लाख 36 हजार 219 किसान पंजीकृत है।
जनपद के किसानों के लिए खुशखबरी है। किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त जल्द ही जारी होगी। तैयारियां उप निदेशक कृषि कार्यालय ने कर ली है। अब तक एक लाख 90 हजार पात्र लाभार्थी किसानों की सूची तैयार कर ली गई है। किसानों के बैंक खाते में सम्मान निधि की धनराशि 38 करोड़ रुपया भेजा जाएगा। विभाग के मुताबिक 33,697 पंजीकृत किसानों का केवाईसी नहीं है। इसके कारण इनको सम्मान निधि की 17वीं किस्त नहीं भेजी जाएगी। 18 जून को किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जून को वाराणसी दौरे पर जाने वाले है, इस दौरान वह क्षेत्र के किसानों को संबोधित करने के साथ ही सम्मान निधि की किस्त जारी कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
किसानों के हित में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक दिसम्बर 2018 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ किया था। इसके अंतर्गत सरकार लाभार्थी किसानों को 2000 रुपये की तीन किस्तों में सालाना 6000 की धनराशि दी जाती है। जो लाभार्भी किसानों के बैंक खाते में सीधे दिया जाता है। शुरूआत में केवल दो हेक्टेयर जमीन वाले किसानों को शामिल किया गया था। बाद में देश के सभी किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उठा सकते हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 17वीं किस्त की सूची तैयार कर ली गई है। अब तक एक लाख 90 हजार किसान पात्र लाभार्थी हैं। जबकि केवाईसी न होने के कारण 33,6,97 किसान सम्मान निधि की किस्त पाने से वंचित रह जाएंगे। यह किसान 15वीं और 16वीं किस्त से भी वंचित रहे हैं। जनपद में कुल 2,36,219 किसान पंजीकृत हैं।
- डॉ. राकेश कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि