-स्थानीय लोगों के जगने पर विफल हुई चोरी कोशिश
-अलग-अलग स्थानों से तीन चोरों को दबोचकर पुलिस को सौंपा
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर में बुधवार की रात में चोरों ने तीन स्थानों पर धावा बोला। स्थानीय लोगों के जगने से चोरी की कोशिश विफल हो गई। लोगाें ने चोरों को पकड़कर जमकर पीटा और उसके बाद पहुंची पुलिस चोरों को हिरासत में लेकर कोतवाली आई। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
शहर में आएदिन चोर पुलिस की सक्रियता को चुनौती दे रहे हैं। चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा हैं। बुधवार की रात चोरोंं ने शहर के तीन विभिन्न स्थानों पर चोरी की कोशिश की। गृह स्वामी समेत आसपास के लोगों के जग जाने की वजह से चोर अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए।
पहली घटना मैलानी में हुई। यहां रामसजीवन चौधरी के तीन मंजिला मकान में चोर घुस गए। मकान मालिक के जगने पर भागने का प्रयास किया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से एक चोर को दबोचकर उसकी पिटाई करके पुलिस को बुलाकर सौंप दिया गया। तीन चोर कोहरे का लाभ लेते हुए भागने में सफल रहे।
इसके अलावा, बरदहिया बाजार स्थित दुकान और मेंहदावल बाईपास के पास भी चोरी की कोशिश की गई। गृह स्वामी और आसपास के लोगों की मदद से चोरों को पकड़कर पिटाई की। इसके बाद रात के समय ही पुलिस को सूचना देकर बुलाने के बाद सभी चोरों को कोतवाली पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया।
कोट
शहर में तीन अलग-अलग जगहाें पर चोरी की कोशिश हुई है। लोगों की सक्रियता की वजह से चोर विफल रहे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कुछ चोर गिरफ्तार किए गए हैं, जिनके विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई पूरी करके जेल भेजा जा रहा है।
-ब्रजेंद्र प्रसाद पटेल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद