पेड़ से लटका मिला युवक का शव
मगहर। घनश्यापुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक पेड़ से फंदे से युवक की लटकी लाश मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग के लखनऊ-गोरखपुर लेन के किनारे स्थित कब्रिस्तान के पास नीम के पेड़ से फंदे से युवक की लटका शव ग्रामीणों ने देखा। सूचना के बाद चौकी प्रभारी उदय शंकर द्विवेदी सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पेड़ से शव उतरवाने के बाद लोगों से शिनाख्त कराई गई तो उसकी पहचान ग्राम घनश्यापुर निवासी विंध्याचल यादव के 24 वर्षीय पुत्र शैलेश यादव के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि रविवार की शाम को खाना खाने के बाद खेत पर जाने के लिए निकला और सोमवार की सुबह पेड़ से लटका पाया गया।
कमरे में लटका मिला छात्रा का शव
धनघटा। क्षेत्र के सिरसी गांव में सोमवार की दोपहर घर में छत के कुंडे से लटका छात्रा का शव परिजनों ने देखा। उसे सीएचसी मलौली ले गए। जहां देखते ही डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिरसी गांव निवासी नीलू पुत्री राम किशुन 17 वर्ष एक इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। सोमवार को अवकाश होने की वजह से वह विद्यालय नहीं गई थी। घर पर उसकी मां और परिवार के लोग मौजूद थे। दोपहर करीब 12 बजे नीलू अपने कमरे में गई और देर तक नहीं लौटी। छात्रा की मां बासमती देवी बेटी को बुलाने जब उसके कमरे में गई तो फाटक अंदर से बंद था। आवाज देने के बाद भी कोई उत्तर नहीं मिला तो वह रोने-चिल्लाने लगीं। फाटक खोल कर देखा गया तो नीलू छत के कुंडे से गले में दुपट्टा डालकर लटकी थी। अस्पताल के जरिए मिली सूचना के आधार पर पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छत के कुंडे से लटका मिला युवक का शव
मेंहदावल। नगर पंचायत के नायक टोला वार्ड में रविवार की रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि अज्ञात कारणों से युवक ने छत के कुंडे से लटक कर आत्महत्या कर ली है। परिजन उसे फंदे से उतार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र के मेमो पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
नगर पंचायत मेंहदावल के नायक टोला निवासी सुभाष सैनी पुत्र अयोध्या सैनी 32 वर्ष का शव रविवार की देर रात घर में छत के कुंडे से लटका मिला। पत्नी काजल के अनुसार वह खाना खाने के बाद कमरे में गए। उसके बाद जब आवाज दी तो नहीं आए। कमरे में देखा तो वह फंदे से लटक रहे थे। सुभाष के दो और भाई हैं। सुभाष को दो पुत्र तथा एक पुत्री है।
प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार दूबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।