सिंगल्स, डबल्स और मिक्स डबल्स में जीता गोल्ड, अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में भी जीत चुके हैं सोना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। संयुक्त भारतीय खेल फाउंडेशन के जरिए हिमाचल प्रदेश में हुई लाॅन टेनिस की राष्ट्रीय स्पर्धा में जिले के खिलाड़ी दुर्विजय ने तीन गोल्ड मेडल जीतकर नाम रोशन किया। इसके पूर्व भी नेपाल में हुई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था।
संतकबीरनगर जिले के नाथनगर ब्लाॅक में स्थित पड़रहा गांव निवासी लाॅन टेनिस खिलाड़ी दुर्विजय ने हिमाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय स्पर्धा में तीन स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। उन्होंने प्रतियोगिता के सिंगल्स, डबल्स और मिक्स डबल्स तीनों में अपने प्रतिद्वंद्वी को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
दुर्विजय ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि नौवीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 27 नवंबर से तीस नवंबर तक हिमाचल प्रदेश में हुआ था। इसमें तीनों मुकाबलों में उन्हें सफलता मिली। उन्होंने बताया कि वह अंतरराष्ट्रीय खेलों में देश का नाम रोशन करना चाहते हैं। दुर्विजय के पिता नगर पंचायत हरिहरपुर में चाय की दुकान चलाते हैं। माता गृहिणी हैं।