बंद कमरे में क्षेत्र पंचायत की बैठक कर बनाई योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
सांथा। विकास खंड सांथा के ब्लाॅक सभागार में बृहस्पतिवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित की गई। इसे बंद कमरे में आयोजित करके औपचारिकता पूरी कर ली गई। इस दौरान कुल 25 करोड़ के कार्य कराए जाने पर सहमति बनी।
क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लाॅक प्रमुख अरविंद जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसके मुख्य अतिथि विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी रहे। बैठक की शुरुआत में ही कुछ क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सूचना न मिलने पर नाराजगी जताई, लेकिन विधायक उनको मनाकर अंदर ले गए। इसके बाद एक भाजपा के बूथ अध्यक्ष को यह कहकर बाहर कर दिया गया कि गोपनीय मीटिंग चल रही है। क्षेत्र पंचायत की बैठक में प्रधान, बीडीसी के अलावा जिले स्तर तक के अधिकारी मौजूद रहते हैं। इसके बाद विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने मंच से मीडिया कर्मियों को बाहर जाने के लिए कहा। बैठक में कुल 25 करोड़ की स्वीकृति हुई। इस अवसर पर बीडीओ विजय प्रताप सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि सुरेंद्र चौबे, प्रधान संघ अध्यक्ष रणवीर पांडेय, अबरार अहमद, राधेश्याम चौधरी, राजेश प्रताप सिंह, विनोद दूबे, अरविंद सिंह, रविंद्र सिंह, महेंद्र नाथ राय समेत अन्य मौजूद रहे।