अगले सप्ताह से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कराने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होने वाली है। छात्राओं की बेहतर शिक्षा के लिए शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए कुल 22 पदों पर शिक्षकों व कर्मचारियों की नियुक्ति की तैयारी शुरू कर दी गई है। इनकी तैनाती होने से कस्तूरबा विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
जिले के सांथा, खलीलाबाद, नाथनगर, हैंसर, मेंहदावल, बघौली, सेमरियावां ब्लॉक में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। यह विद्यालय पूरी तरह से आवासीय हैं। यहां पर छात्राओं के रहने, खाने, कपड़ा, कापी-किताब समेत अन्य जरूरी सामान निशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। प्रत्येक विद्यालय में 100 छात्राओं के पठन पाठन की आवासीय व्यवस्था है।
इसके लिए फुल व पार्ट टाइम शिक्षक, वार्डन, लेखाकार, दाई आदि तैनात हैं, पर शिक्षकों की कमी के चलते इन विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। दो वर्ष पहले इन विद्यालयों में तैनात काफी संख्या में शिक्षकों की छटनी कर दी गई थी।
इसकी वजह से विषय से संबंधित शिक्षकों की कमी हो गई। इसी कमी को दूर करने के लिए शासन ने यहां पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। पार्ट टाइम व फुल टाइम शिक्षक, लेखाकार, अनुचर के कुल 22 पदों पर भर्ती होनी है। विभाग विद्यालय वार शिक्षकों की तैनाती की तैयारी शुरू कर दिया है। इसके लिए जल्द ही आवेदन मांगे जाएंगे।
...
कोट
कस्तूरबा विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जानी है। अगले माह से यह आवेदन मांगे जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया नियमानुसार की जाएगी।
अतुल कुमार तिवारी, बीएसए