200 गांवों की बिजली रही गुल, उपभोक्ता हुए परेशान
ओवर लोड के कारण नंदौर फीडर में आई खराबी
मेंहदावल(संतकबीरनगर)। ओवर लोड के कारण नंदौर फीडर में तकनीकी खराबी आ गई। बुधवार देर रात विद्युत आपूर्ति बंद होने से 200 गांवों में अंधेरा छा गया। बृहस्पतिवार शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल हुई।
मेंहदावल विद्युत उपकेंद्र के नंदौर फीडर में बुधवार रात करीब 10 बजे तकनीकी खराबी आ गई। इससे दुर्गजोत, नंदौर, मंझरिया पठान, बेलवा, जंगल दशहर, राजघाट, सरहरा, बरगदवा, बेलवा ठकुराई, लोहरौली मिश्र, बेलहर खुर्द, बेलहर कलां, बेलहर बाजार समेत 200 गांवों की बिजली गुल हो गई।
उपभोक्ताओं ने अवर अभियंता को सूचना दी। इसके बाद लाइनमैन पूरी रात फाल्ट ठीक करने में जुटे रहे। बृहस्पतिवार शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल हुई। क्षेत्र के महेंद्र बरनवाल, श्रीराम बरनवाल, अनवर, पंचराम यादव, सिद्धनाथ गुप्ता आदि का कहना है कि अक्सर नंदौर फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।
अवर अभियंता शनि देवल प्रताप का कहना है कि नंदौर फीडर पर लोड अधिक है। इससे विद्युत फाल्ट की समस्या आती है। अलग से 11 केवीए फीडर के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है। उम्मीद है जल्द इस पर कार्य प्रारंभ हो जाएगा।