नंदौर चौराहे पर सवारी भरते टेेंपो चालक। संवाद
नगर पंचायत बखिरा से नंदौर तक सफर करने में यात्रियों को होती है दिक्कत
फोटो सहित
-सरकारी बस सेवा न होने से निजी वाहन चालक कर रहे मनमानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। क्षेत्र के अधिकतर रूट पर सरकारी बस की सुविधा नहीं है। इससे निजी वाहन चालक मनमाना किराया वसूला रहे हैं। टेंपो, बोलेरो व प्राइवेट बस चालक नगर पंचायत बखिरा से नंदौर की तीन किलोमीटर दूरी का बीस रुपये किराया वसूल रहे हैं। यात्रियों की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
क्षेत्र के अधिकतर मार्ग सरकारी बस की सेवा से वंचित हैं। इन मार्गों पर निजी वाहनों का संचालन अधिक होता है। इन मार्गों पर सफर करने वाले यात्री निजी वाहन चालकों के शोषण से त्रस्त हैं। परिवहन निगम की बस सेवा की सुविधा नहीं होने से यात्री अधिक किराया देने को मजबूर हैं। नंदौर से रुधौली, दुर्गजोत से रुधौली, नंदौर से बखिरा, बखिरा से सहजनवां, मेंहदावल से कैंपियरगंज, मेंहदावल से सांथा मार्ग पर यात्रा के लिए निजी साधनों का ही सहारा है। यात्री रामशंकर, दयाशंकर, कृष्णकुमार, राजकुमार, प्रेमचंद और कलराज ने कहा कि बखिरा से नंदौर की दूरी तीन किलोमीटर है। प्राइवेट वाहन चालक बीस रुपये किराया वसूलते हैं। वहीं, नंदौर से दुर्गजोत दो किलोमीटर का किराया दस रुपये व दुर्गजोत से रुधौली तक सत्तर रुपये वसूला जा रहा है। लोगों ने बताया कि अक्सर इन मार्गों पर जरूरी कार्य के लिए जाना पड़ता है। अधिक किराया होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इन मार्गों पर परिवहन निगम की बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को फायदा मिलने के साथ ही निजी वाहन चालकों की मनमानी पर भी रोक लगाने में मदद मिल सकेगी। इस संबंध में एआरएम परिवहन निगम आयुष भटनागर ने कहा कि इन मार्गों पर यात्रियों की संख्या अगर ठीक होगी तो बस सेवा शुरू कराई जाएगी।