मेंहदावल। क्षेत्र के भौरा ग्राम पंचायत में 15 जून की देर रात चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया था। तीन घरों को चोरों ने निशाना बनाया था। जिसमें एक अधिवक्ता तथा एक भाजपा नेता के घर चोरों ने 15 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर डाला। घटना हुए 15 दिन बीत गए, लेकिन अभी तक पुलिस अंधेरे में तीर चलाते नजर आ रही है। घटना का खुलासा न होने से गांव के लोग पुलिस के इकबाल पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भौंरा निवासी अधिवक्ता लक्ष्मीकांत पाठक तथा भाजपा नेता संगम पांडेय के घर 15 जून रात चोर सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे और अधिवक्ता के घर से करीब 10 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दिया। इसके बाद भाजपा नेता के घर भी चोर घुसे और पूरे घर को खंगाल डाला। यहां से चोर पांच लाख रुपये के सामान के साथ घटना को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ अमरीश भदौरिया तथा थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने जानकारी ली।
फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और खुलासे के लिए जांच किया। लेकिन क्षेत्र में इतनी बड़ी चोरी की घटना का खुलासा 15 दिन बाद भी नहीं हो पाया। अभी पुलिस अंधेरे में तीर चलाते नजर आ रही है। इसके पूर्व भी टडवरिया चौराहे के समीप चौरसिया की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर उस समय छत के रास्ते चोर पूरे घर को खंगालने में कामयाब हो गए थे। करीब एक वर्ष बीतने के बाद भी अभी तक इस चोरी के मामले का भी खुलासा पुलिस नहीं कर पाई। वही नगर पंचायत के गंगापुरम में स्थित उमेश ऑटोमोबाइल्स की दुकान में तीन दिन पूर्व चोरों ने दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर करीब एक लाख मूल्य की चोरी की घटना को अंजाम दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाएं पुलिस के इकबाल पर सवालिया निशान खड़ा कर रहे हैं। एसओ रविंद्र कुमार सिंह का कहना है कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। फॉरेंसिक टीम के जरिए मौके पर एकत्रित किए गए कुछ तथ्य सामने आए हैं। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी किया जा रहा है जल्द ही घटना का खुलासा हो जाएगा।